भारी बारिश से बैरा स्यूल बांध का जलस्तर बढ़ा, पानी छोड़ा गया नदी किनारे बसे लोग रहे सावधान

चंबा, 07 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल तीसा के अंतर्गत स्थित बैरा स्यूल बांध क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बांध प्रबंधन ने एहतियातन पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। इससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल प्रवाह बढ़ गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन और बांध प्रबंधन ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।जानकारी के अनुसार, बीती रात से ही तीसा और आसपास के इलाकों में मूसलाधार वर्षा का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों में उफान आ गया है, जिससे बैरा स्यूल बांध में जलभराव तेजी से बढ़ा। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।बांध प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों, विशेषकर नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सख्त हिदायत दी है कि वे नदी तटों के पास जाने से बचें।