मणिमहेश यात्रा को लेकर गैहरा पुलिस अलर्ट, नशेड़ियों पर कसेगा शिकंजा

चम्बा/ भरमौर 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मणिमहेश यात्रा शुरू होते ही यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गैहरा पुलिस चौकी का पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। चौकी प्रभारी की अगुवाई में पुलिस जवान यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखते हुए आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं। पुलिस द्वारा प्रत्येक वाहन चालक की एल्कोमीटर से जांच की जा रही है, वहीं वाहनों के भीतर भी गहन छानबीन की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ यात्रा के दौरान मादक पदार्थों की आवाजाही को रोकना है।

मणिमहेश यात्रा में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक और उपद्रवी तत्व शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर यात्रा मार्ग पर पहुंच सकते हैं। इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है, बल्कि अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए गैहरा पुलिस चौकी के जवान लगातार वाहनों की जांच और निगरानी में जुटे हुए हैं।एल्कोमीटर जांच के माध्यम से पुलिस नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान कर रही है। इसके साथ ही वाहनों की तलाशी लेकर यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर यात्रा मार्ग से आगे न बढ़े। पुलिस की इस कार्रवाई से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ श्रद्धालुओं में भी विश्वास बढ़ा है।

स्थानीय लोगों ने गैहरा पुलिस की सक्रियता और लगातार की जा रही जांच-पड़ताल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस की मुस्तैदी जरूरी है। पुलिस की सतर्कता से नशे में वाहन चलाने और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।मणिमहेश यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखने से यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।