जम्मू कश्मीर के साथ लगते सीमावर्ती चुराह में बढ़ी गौ तस्करी से ग्रामीण परेशान, एसपी चंबा को सौंपा ज्ञापन

जम्मू कश्मीर के साथ लगते सीमावर्ती चुराह में बढ़ी गौ तस्करी से ग्रामीण परेशान, एसपी चंबा को सौंपा ज्ञापन

तीसा/ चम्बा 04 मई दिलीप सिंह ठाकुर

तीसा/ चम्बा 04 मई दिलीप सिंह

चंबा जिले के चुराह उपमंडल के आयल और सनवाल पंचायत क्षेत्रों में बढ़ती गौ तस्करी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक चंबा को ज्ञापन सौंपकर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जम्मू-कश्मीर सीमा से सटे इन क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि आयल और सनवाल क्षेत्र सीमावर्ती होने के कारण तस्करों के लिए सुरक्षित मार्ग बन गए हैं। तस्कर रात के अंधेरे में ग्रामीणों के गोवंश को चोरी कर जम्मू क्षेत्र की ओर ले जाते हैं, जहां उन्हें ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता है या उनकी हत्या कर दी जाती है। इस कारण पशुपालकों और किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में आयल पंचायत के सरवानी-अधवारी क्षेत्र से 7 गोवंश चोरी हो चुके हैं। इनमें दूनी चंद के 2 बैल, भगत राम के 2 गोवंश, कर्म चंद के 2 बैल और शेर सिंह का 1 बैल शामिल है। इसके अलावा करीब 15 अन्य गोवंश भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार साक्ष्य, वीडियो रिकॉर्डिंग और रंगे हाथों पकड़े गए संदिग्धों को पुलिस के हवाले करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ने के प्रयास में वे अक्सर चकमा देकर फरार हो जाते हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। एसपी कार्यालय ने ज्ञापन को आगे की कार्रवाई के लिए एसएचओ तीसा को भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!