साचपास में दोपहर 12 बजे के बाद पर्यटक वाहनों पर रोक, सुरक्षा को लेकर पुलिस का फैसला

तीसा/चंबा 04 जून दिलीप सिंह ठाकुर
तीसा/चंबा 04 जून दिलीप सिंह
जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास में अब दोपहर 12 बजे के बाद पर्यटक वाहन नहीं जा सकेंगे। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैरागढ़ चेक पोस्ट से आगे जाने वाले वाहनों पर समय सीमा लागू कर दी है। इस निर्णय का उद्देश्य शाम के समय बढ़ने वाले जोखिम को कम करना है।पुलिस के अनुसार साचपास क्षेत्र में दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो जाता है। अक्सर बारिश, बर्फबारी और घना कोहरा छा जाता है, जिससे दृश्यता कम हो जाती है और सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं। ऐसे हालात में वाहन दुर्घटनाओं की आशंका काफी बढ़ जाती है। हाल ही में हुई एक कार दुर्घटना में भी खराब मौसम को मुख्य कारण माना गया था।नई व्यवस्था के तहत बैरागढ़ चेक पोस्ट पर पर्यटक वाहनों को दोपहर 12 बजे से पहले एंट्री करवानी होगी।

इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि पर्यटक शाम ढलने से पहले सुरक्षित रूप से वापस लौट आएं। इसी प्रकार के निर्देश पद्धरी जोत मार्ग पर लंगेरा स्थित चेक पोस्ट को भी जारी किए गए हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की कड़ी जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।हालांकि चंबा से पांगी जाने वाली टैक्सियों को इस नियम में छूट दी गई है, क्योंकि ये वाहन साचे जोत पार कर सीधे पांगी की ओर रवाना हो जाते हैं और उसी दिन वापसी नहीं करते।पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि यह निर्णय पूरी तरह से पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही टैक्सी यूनियनों को भी इस संबंध में सूचित किया जाएगा ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके।