मंडी में चमके चंबा की टेबल टेनिस खिलाड़ी कई पदक की अपने नाम

चम्बा 11 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं का परचम एक बार फिर लहराया है। 8 से 10 मई तक मंडी में आयोजित हिमाचल प्रदेश टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता में जिला चंबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन चंबा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई।लड़कों के वर्ग में श्रेयांस ठाकुर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 और पुरुष (Men’s) श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं स्वजन्य गोस्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और अथर्व ठाकुर ने कांस्य पदक जीतकर चंबा की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ी।लड़कियों की श्रेणी में भी चंबा पीछे नहीं रहा। यादवी ठाकुर ने अंडर-11 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन सभी खिलाड़ियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि चंबा में खेलों के प्रति रुचि और समर्पण लगातार बढ़ रहा है।विशेष बात यह है कि ये सभी खिलाड़ी चंबा स्थित पैरामाउंट टेनिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो शहर की एकमात्र और प्रदेश की दूसरी निजी अकादमी है। इस अकादमी का खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन चंबा ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उल्लेखनीय है कि ये खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से लगातार जिला चंबा के लिए पदक जीतते आ रहे हैं और हर वर्ष हिमाचल प्रदेश की टीम का राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं।