“समाधान समारोह 2026” शुरू, सुप्रीम कोर्ट की पहल से लंबित मामलों के निपटारे पर जोर

शिमला, 03 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा न्याय को सरल, सुलभ और आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 से किया गया है। यह विशेष अभियान 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ संपन्न होगा।इस पहल का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से त्वरित निपटारा करना है। न्यायिक प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाने के लिए देशभर में पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। ये बैठकें राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के साथ-साथ विभिन्न मध्यस्थता केंद्रों में आयोजित की जा रही हैं, जो 21 अप्रैल से शुरू हो चुकी हैं।अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में अधिवक्ताओं, वादकारियों और सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया है। इसका उद्देश्य संवाद और सहमति के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। विशेष बात यह है कि पक्षकार इन सुलह बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी संभव हो सके।अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए एक सरल ऑनलाइन प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक पक्ष सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भरकर अपने मामलों को इस अभियान में दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।न्यायपालिका की इस पहल को आम जनता के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है, जिससे लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सकेगा।