‘कमाल की तैयारी’ समर कैंप हेतु आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित, 80 हजार बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

‘कमाल की तैयारी’ समर कैंप हेतु आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित, 80 हजार बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य

कांगड़ा 08 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “कमाल की तैयारी” समर कैंप-2026 के सफल संचालन के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। इसके तहत बच्चों की भाषा, बौद्धिक, सामाजिक-भावनात्मक, गणितीय एवं शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास को बेहतर ढंग से समझाने और उन्हें स्कूल के लिए तैयार करने के तरीकों से अवगत कराया गया।विभाग द्वारा यह पहल प्रदेश के 6400 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में लागू की जाएगी। इस दौरान अभिभावकों, विशेषकर माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को घर और केंद्र दोनों स्तरों पर प्रभावी बनाया जा सके।अभियान के अंतर्गत सबसे पहले चयनित केंद्रों में “समर मेला-1” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों और उनके अभिभावकों की सहभागिता होगी। इसके पश्चात 4 से 6 सप्ताह तक अभिभावकों को व्हाट्सएप के माध्यम से बच्चों के साथ घर पर किए जाने वाले सरल और रोचक शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। अंत में “समर मेला-2” के माध्यम से बच्चों की सीखने की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।इस अभियान के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में लगभग 80,000 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग का मानना है कि इस पहल से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा मजबूत होगी और उन्हें विद्यालय में प्रवेश के लिए बेहतर रूप से तैयार किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!