मंगला स्कूल में 73 लाख की लागत से अतिरिक्त भवन का शिलान्यास, शिक्षा क्षेत्र में सुधार को सरकार प्रतिबद्ध,रोहित ठाकुर

मंगला स्कूल में 73 लाख की लागत से अतिरिक्त भवन का शिलान्यास, शिक्षा क्षेत्र में सुधार को सरकार प्रतिबद्ध,रोहित ठाकुर

चंबा 30 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगला में 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन का शिलान्यास किया। इस भवन में दो कक्षाओं, एक परीक्षा हॉल, एक ड्रेसिंग रूम तथा एक मंच का निर्माण किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सत्ता में आने के बाद से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों के चलते राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस/परख-2025) में हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और प्रदेश देशभर में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पूर्व सरकार के कार्यकाल में यह 21वें स्थान पर था।

उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। प्रदेश में टीजीटी मेडिकल और नॉन-मेडिकल के लगभग 500 पद भरे गए हैं, जिनमें से जिला चंबा में 105 पद शामिल हैं। साथ ही टीजीटी आर्ट्स के 109 रिक्त पदों को भी जल्द भरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के कारण सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन में भी वृद्धि दर्ज की गई है।रोहित ठाकुर ने बताया कि सरकार ने अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत ढांचे के विकास का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि चंबा जिला शिक्षा के क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है, इसलिए यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में 1800 शिक्षकों के पदों को भरने की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 1200 पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जा रहे हैं।कार्यक्रम में चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर ने भी संबोधित किया और क्षेत्र में शिक्षा विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 73 लाख रुपये की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!