चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण, सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश

चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण, सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश

चम्बा, 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जालम भारद्वाज ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चनेड तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर चीमा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक, उनकी गुणवत्ता तथा वितरण प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रहे। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न चिकित्सा उपकरणों, लाभार्थी सेवाओं और सुविधाओं की उपलब्धता व उपयोगिता की समीक्षा की।डॉ. भारद्वाज ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, ओपीडी सेवाओं और मरीजों के लिए बैठने एवं प्रतीक्षा की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित की जाएं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कार्य के प्रति समर्पित रहें और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं, ताकि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!