सड़क सुरक्षा मुद्दों को संसद में उठाने की मांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राज्यसभा सांसद से की अपील

सड़क सुरक्षा मुद्दों को संसद में उठाने की मांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राज्यसभा सांसद से की अपील

चम्बा, 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से सीमा सड़क संगठन (BRO) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जुड़े गंभीर सड़क सुरक्षा मुद्दों को संसद में उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों, विशेषकर पांगी घाटी और पठानकोट–भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-154A) की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जिस पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है।भरमौरी ने हाल ही में कड़ू नाला (उदयपुर–पांगी मार्ग) में हुए भीषण सड़क हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में 13 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हुई, जो केवल एक हादसा नहीं बल्कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर संकेत है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों की जवाबदेही तय करने और मृतकों के परिजनों को सम्मानजनक मुआवजा देने की मांग की।उन्होंने आरोप लगाया कि BRO द्वारा वर्षों से सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है, जिससे लगातार खतरे की स्थिति बनी हुई है। पहाड़ों की कटिंग और अस्थिरता के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में सभी संवेदनशील स्थानों का सुरक्षा ऑडिट कर स्थायी समाधान लागू किए जाने चाहिए।इसके अलावा, उन्होंने NH-154A पर दुर्गेठी, गेहरा और धारवाला जैसे ब्लैक स्पॉट्स की स्थिति पर चिंता जताई, जहां बार-बार चट्टानें गिरने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने NHAI से इन स्थानों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर शॉर्ट टनल, रॉक शेल्टर और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग की।अंत में उन्होंने राज्यसभा सांसद से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाकर संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिलवाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!