चुवाड़ी नगर पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर, वार्ड-3 से कुलभूषण धीमान निर्विरोध निर्वाचित

भटीयात/चम्बा 07 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
नगर पंचायत चुवाड़ी के चुनावों में नामांकन वापसी के अंतिम दिन राजनीतिक समीकरणों में बड़ा और रोचक बदलाव देखने को मिला। वार्ड नंबर-3 से तीन उम्मीदवारों द्वारा अपने नामांकन वापस लेने के बाद कुलभूषण धीमान को निर्विरोध वार्ड सदस्य घोषित कर दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद नगर पंचायत चुनावों का पूरा माहौल बदल गया है और अब अन्य वार्डों में चुनावी मुकाबले और भी दिलचस्प हो गए हैं।प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नगर पंचायत चुवाड़ी के कुल सात वार्डों में से अब केवल छह वार्डों में ही मतदान कराया जाएगा। वार्ड नंबर-3 में निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण वहां मतदान की आवश्यकता नहीं रहेगी। कुलभूषण धीमान की निर्विरोध जीत को उनके समर्थक बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देख रहे हैं।वहीं अब शेष छह वार्डों के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। इनमें सबसे अधिक चर्चा वार्ड नंबर-7 की हो रही है, जिसे इस बार चुनाव की ‘हॉट सीट’ माना जा रहा है। इस वार्ड में चार प्रत्याशी आमने-सामने हैं, जिसके चलते मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक बन गया है। सभी उम्मीदवार लगातार घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं।चुनावी प्रचार के दौरान प्रत्याशी मुख्य रूप से बेहतर सड़क और गलियों के निर्माण, नियमित पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था तथा ड्रेनेज सिस्टम जैसे स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।एसडीएम चुवाड़ी मनीष कुमार सोनी ने पुष्टि करते हुए बताया कि वार्ड नंबर-3 में तीन प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद कुलभूषण धीमान निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शेष छह वार्डों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए