डलहौजी में गलती से सल्फास की गोली खाने से युवक की हालत गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर

डलहौजी में गलती से सल्फास की गोली खाने से युवक की हालत गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर

डलहोजी/ चम्बा 07 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी क्षेत्र में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सिरदर्द की दवा समझकर गलती से जहरीली सल्फास की गोली खा ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद युवक को उपचार के लिए पहले बनीखेत और फिर डलहौजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलहौजी से डॉ. दिवेश कुमार द्वारा पुलिस को दूरभाष पर एक प्वाइजनिंग केस की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना डलहौजी के एसएचओ/एसआई कपिल देव टीम सहित अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मामले की जांच एसआई रविन्द्र कुमार द्वारा की गई।जांच में पाया गया कि घायल युवक की पहचान राज कुमार पुत्र सांझी राम निवासी गांव धार, डाकघर बग्गढ़ार, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है। प्रारंभिक उपचार के दौरान बनीखेत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका मेडिकल लीगल केस (MLC) तैयार किया गया, जिसके बाद उसे आगे के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलहौजी भेजा गया।

डॉक्टरों द्वारा फिट फॉर स्टेटमेंट घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने राज कुमार, उसके साथ आए पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान ब्यास देव और उपप्रधान अमित कुमार के बयान दर्ज किए। पूछताछ में सामने आया कि राज कुमार मजदूरी का काम करता है और पिछले तीन-चार दिनों से घर में पानी न आने के कारण वह मानसिक तनाव में था।बताया गया कि 6 मई 2026 की सुबह राज कुमार के सिर में तेज दर्द हुआ। जल्दबाजी में उसने अलमारी में रखी दवा को सिरदर्द की गोली समझकर खा लिया, जो दरअसल सल्फास की गोली थी। दवा खाने के तुरंत बाद उसे चक्कर आने लगे, जिसके बाद उसकी पत्नी सुषमा देवी ने दवा की पहचान की और तुरंत प्रधान को सूचना दी।परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह घटना पूरी तरह से गलतीवश हुई है और इसमें किसी की कोई संलिप्तता नहीं है। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!