नूरपुर बस हादसे पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने जताया दुख, घायलों का जाना हाल

नूरपुर बस हादसे पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने जताया दुख, घायलों का जाना हाल

कांगडा/नूरपुर, 03 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह हुई निजी बस दुर्घटना पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे की सूचना मिलते ही सांसद ने तुरंत नूरपुर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत नूरपुर विधानसभा में आज सुबह एक निजी बस दुर्घटना का शिकार हुई है।

दुर्घटना में घायल सवारियों का नूरपुर अस्पताल पहुंचकर कुशलक्षेम जाना। साथ ही गंभीर रूप से घायल सवारियों, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, वहां के प्राचार्य को भी निर्देश दिए हैं कि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।”उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

सांसद ने प्रशासन से हादसे के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की।बताया जा रहा है कि इस हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं, क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

सांसद ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!