चंबा में टीकाकरण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चंबा, 30 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा एमसीएच सेंटर चंबा में 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चल रहे टीकाकरण सप्ताह के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नियमित टीकाकरण सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना रहा।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि टीकाकरण संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य लक्षित वर्गों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक टीके अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न टीकों, उनके समय और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य के लिए टीकाकरण की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहेल सहित स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।