भरमौर के कूंर स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर भवन से पढ़ाई प्रभावित

भरमौर के कूंर स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर भवन से पढ़ाई प्रभावित

चंबा 06 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था आज भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। इसका ताजा उदाहरण भरमौर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूंर में देखने को मिल रहा है, जहां लंबे समय से शिक्षकों के कई महत्वपूर्ण पद रिक्त पड़े हैं। शिक्षकों की कमी के चलते कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।जानकारी के अनुसार विद्यालय में टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, एल.टी. हिंदी, प्रवक्ता (राजनीति शास्त्र), प्रवक्ता (इतिहास), प्रवक्ता (अंग्रेजी), प्रवक्ता (आई.पी.), प्रधानाचार्य और कार्यालय लिपिक के पद खाली हैं।

विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) और अभिभावकों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत से ही ये पद रिक्त हैं, जिससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा और विद्यार्थियों के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।स्थिति को और गंभीर बनाते हुए विद्यालय भवन भी जर्जर हालत में पहुंच चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर कक्षाएं बाहर वैकल्पिक स्थान पर लगाई जा रही हैं। कमरों की कमी के कारण कई कक्षाओं को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।

हालांकि स्कूल के नए भवन का निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। पंचायत प्रतिनिधियों, SMC और अभिभावकों ने उपायुक्त चंबा को ज्ञापन सौंपकर सभी रिक्त पदों को जल्द भरने और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!