लाहुल-स्पीति में भूस्खलन से भेड़पालकों पर संकट, त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी अनहोनी

उदयपुर/चम्बा 06 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
लाहुल-स्पीति के उदयपुर क्षेत्र के हुडकोष गोठ में हुए भारी भूस्खलन और ग्लेशियर गिरने की घटना ने भरमौर के भेड़पालकों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया, हालांकि समय रहते प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गान (गांव स्क्रैना) के भेड़पालक—ठाकुर राम, पप्पू राम, झपल और पृथु राम—अपने लगभग 1500 भेड़-बकरियों के साथ मौके पर मौजूद थे। अचानक हुए भूस्खलन और ग्लेशियर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार 10 से 12 भेड़-बकरियों के मारे जाने की खबर है।घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने लाहुल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और प्रभावित भेड़पालकों के लिए तत्काल सहायता की मांग की।

प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एसपीओ टीम को मौके पर भेजा। राहत की बात यह रही कि सभी भेड़पालक सुरक्षित हैं। एडवोकेट सुरजीत शर्मा ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भेड़पालक क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने के लिए वन, राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजने का निर्णय लिया है। प्रभावितों को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।