युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता :- रोहित ठाकुर

युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता :- रोहित ठाकुर

शिमला, 14 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मलोग (नंदपुर) में नवयुवक मंडल मलोग द्वारा आयोजित स्वर्गीय राय सिंह रांटा मेमोरियल द्वितीय पंचायत स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता में 40 टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं।उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें।शिक्षा मंत्री ने बताया कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल में वॉलीबॉल सहित सात खेल शुरू किए गए हैं और इसके लिए 32 पद स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जिनमें जुब्बल का हॉस्टल सबसे बड़ा है।उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में बी.पी.एड. पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव एनसीटीई को भेजा गया है।

रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में 176 सड़कों को मंजूरी मिली है। नंदपुर पंचायत में भी कई सड़क परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने जिम निर्माण के लिए 3 लाख रुपये और खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।इसके बाद उन्होंने पुजारली नंबर-4 में टिक्करी अमन मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में भी भाग लिया और विजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में 25 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें पुजारली-4 विजेता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!