जेल से फरार महिला बंदी 3 घंटे में गिरफ्तार, जेल और पुलिस विभाग की त्वरित कार्रवाई

चम्बा 30 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
धर्मशाला से एक महिला विचाराधीन बंदी के फरार होने के मामले में पुलिस और जेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को प्रातः लगभग 9:11 बजे लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार, धर्मशाला से विचाराधीन महिला बंदी हरविंदर कौर उर्फ सुखविंदर कौर फरार हो गई थी। वह पंजाब के तरनतारन जिले की निवासी बताई जा रही है और उस पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया और बंदी की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस और जेल विभाग के संयुक्त प्रयासों के चलते उक्त महिला बंदी को उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे उप-कारागार नूरपुर के पास सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

जेल विभाग ने इस कार्रवाई के लिए उप महानिरीक्षक, उत्तरी रेंज और उनकी टीम का विशेष आभार व्यक्त किया है। साथ ही नूरपुर के पुलिस अधीक्षक के सहयोग को भी सराहा गया है। विभाग का कहना है कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से यह सफलता संभव हो पाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही, संबंधित मामले में विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।