चंबा में पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन, स्ट्रीट वेंडरों को किया सम्मानित

चंबा, 30 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
नगर परिषद चंबा के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) द्वारा बचत भवन, चंबा में “पीएम स्वनिधि महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंबा नीरज नैयर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उनकी धर्मपत्नी भारती नैयर ने भी विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक संगठन प्रबंधक (सीएमएम) ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा “स्वनिधि से समृद्धि” कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सुलभ ऋण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

मुख्य अतिथि विधायक नीरज नैयर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा देती है, बल्कि छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि बैंक ऋण प्राप्त करने के लिए अच्छा सीबिल स्कोर बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिसके प्रति जागरूकता जरूरी है।इस अवसर पर विधायक ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के चयनित स्ट्रीट वेंडरों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सहायक आयुक्त दीपक आनंद ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन एवं लाइसेंसिंग प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के बारे में जागरूक किया।वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद चंबा राखी कौशल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए डे-एनयूएलएम टीम के प्रयासों की सराहना की और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।