चंबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,उद्घोषित अपराधी चरस तस्कर अमृतसर से गिरफ्तार

चम्बा 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा पुलिस ने चरस तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान रमन कुमार निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर चंबा वापस ले आई है, जहां उसे पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रमन कुमार के खिलाफ चुवाड़ी पुलिस थाना में चरस तस्करी से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। मामले में उसे पहले जमानत मिल गई थी, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद वह अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने लगा। कई बार समन जारी होने के बावजूद भी आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके चलते न्यायालय ने 17 अक्टूबर 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।इसके बाद से चंबा पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी बीच पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी अमृतसर में छिपा हुआ है।

सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।