चलती एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ, मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती

चम्बा 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला में एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव 108 एंबुलेंस के भीतर ही सफलतापूर्वक कराया गया। जानकारी के अनुसार ग्राम चिन्ना, डाकघर बंगाल, तहसील सलूणी निवासी बेबू देवी, पत्नी पवन, को प्रसव पीड़ा होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत से मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया था।बताया जा रहा है कि बेबू देवी दूसरी बार गर्भवती थीं (सेकंड ग्रैविडा) और बच्चे की स्थिति ‘ब्रीच प्रेजेंटेशन’ में थी, जो सामान्य प्रसव की तुलना में अधिक जटिल मानी जाती है। रास्ते में अस्पताल ले जाते समय अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ गई, जिसके चलते एंबुलेंस में ही डिलीवरी करानी पड़ी। इस दौरान प्रसव से पहले शिशु द्वारा मीकोनियम पास करने की स्थिति भी सामने आई, जो एक संवेदनशील परिस्थिति मानी जाती है।एंबुलेंस में मौजूद आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन (EMT) ऋषु और पायलट संजीव ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला ने एक स्वस्थ शिशु (पुत्र) को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही है।प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे की देखरेख के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस स्टाफ की इस त्वरित और साहसिक कार्यवाही की सराहना की है। यह घटना आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और स्वास्थ्य कर्मियों की दक्षता का एक उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।