अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लगाएगा विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर

चम्बा, 25 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुजा सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर लगाया जाएगा।उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है।उन्होंने बताया कि शिविर में आगंतुकों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, लोक अदालत, मध्यस्थता, न्यायालय में वाद दायर होने से पूर्व समझौता, स्थायी लोक अदालत तथा पीड़ित प्रतिकर योजना सहित विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, औद्योगिक श्रमिकों तथा अन्य पात्र व्यक्तियों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जाएगा।शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पैरा विधिक स्वयंसेवक एवं अन्य प्रशिक्षित कार्मिक उपस्थित रहेंगे, जो नागरिकों की विधिक समस्याओं पर मार्गदर्शन देंगे तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताएंगे। इच्छुक लोगों को विधिक जागरूकता संबंधी पुस्तिकाएं एवं सूचना सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा ने समस्त जिला वासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे मिंजर मेले के दौरान विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर में अवश्य आएं, अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा उपलब्ध जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी हासिल करें।अधिक जानकारी के लिए नागरिक किसी भी कार्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।