राजकीय महाविद्यालय सलूणी में छात्र दिवस पर विशेष व्याख्यान, जिम का शुभारंभ

राजकीय महाविद्यालय सलूणी में छात्र दिवस पर विशेष व्याख्यान, जिम का शुभारंभ

सलूणी/ चम्बा 25 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला के राजकीय महाविद्यालय सलूणी में छात्र दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान एवं विविध शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शोध आधारित अधिगम के प्रति प्रेरित करना और उनके बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहिंदर कुमार सलारिया ने की। अपने संबोधन में उन्होंने शोध पद्धति और शोधपरक असाइनमेंट्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में शोध आधारित अध्ययन की अहम भूमिका है। इससे विद्यार्थियों की विषय की गहरी समझ विकसित होती है और उनकी तार्किक सोच एवं समस्या समाधान की क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वे अध्यापन को शोध से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को नवाचार की दिशा में प्रेरित करें।इस अवसर पर इतिहास विभाग के प्रवक्ता डॉ. सौरभ मिश्रा ने महाविद्यालय में शुरू किए जा रहे मेंटर-मेंटी कार्यक्रम की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत प्रत्येक छात्र को एक शिक्षक मार्गदर्शक प्रदान किया जाएगा, जो उसकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत प्रगति में सहयोग करेगा। साथ ही वरिष्ठ छात्र कनिष्ठ छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे आपसी सहयोग और सीखने की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की प्रवक्ता डॉ. जयश्री ने किया। उन्होंने छात्र दिवस के महत्व और आगामी शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय के नए जिम का उद्घाटन किया गया। इस सुविधा से विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और यह जिम छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!