बनीखेत में साप्ताहिक निरंकारी सत्संग आयोजन में महात्मा रोहित सिंगला ने दिए आध्यात्मिक संदेश

डलहौजी/ चम्बा 14 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
बनीखेत में साप्ताहिक निरंकारी सत्संग आयोजन में महात्मा रोहित सिंगला ने दिए आध्यात्मिक संदेश स्थानीय निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में आज रविवार को साप्ताहिक सत्संग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंजाब के भटिंडा से प्रचार टूर प्रोग्राम के अंतर्गत पधारे महात्मा रोहित सिंगला जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रवचन दिए।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मनुष्य को यह मानुष जन्म बार-बार नहीं मिलता, इसलिए जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन का मुख्य संदेश यही है कि मनुष्य अपने जीवन में परमात्मा की पहचान करे, क्योंकि यही मानव जीवन का मूल उद्देश्य है। यदि मनुष्य इस जन्म में प्रभु को नहीं जान पाता, तो उसे जन्म-मरण के चौरासी लाख योनियों के चक्र में भटकना पड़ता है।

महात्मा सिंगला जी ने आगे कहा कि इस संसार में केवल पूर्ण सतगुरु के माध्यम से ही परम पिता परमात्मा को जाना जा सकता है। ब्रह्म ज्ञान को उन्होंने सृष्टि का सर्वोच्च ज्ञान बताते हुए कहा कि यह ज्ञान जिज्ञासु भक्त को सतगुरु द्वारा प्रदान किया जाता है, जिससे उसका सीधा संबंध परमात्मा से जुड़ता है। इस ज्ञान के माध्यम से भक्त को कण-कण में व्याप्त निरंकार प्रभु के दर्शन होते हैं और वह जन्म-मरण के चक्र से मुक्त हो सकता है।सत्संग के दौरान डलहौजी, बनीखेत, बाथरी, बगडार, टप्पर, चंबा, चुवाड़ी, दुनेरा और पठानकोट सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने मिलकर प्रभु के गुणगान किए और अंत में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में हुआ।