उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने ऐतिहासिक धरोहरों का किया निरीक्षण, रखरखाव कार्यों में तेजी के निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने ऐतिहासिक धरोहरों का किया निरीक्षण, रखरखाव कार्यों में तेजी के निर्देश

चंबा, 29 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज ऐतिहासिक रंग महल, अखंड चंडी पैलेस तथा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का दौरा कर यहां चल रहे रखरखाव एवं सौंदर्यकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने सबसे पहले ऐतिहासिक रंग महल का निरीक्षण किया और वहां चल रहे रखरखाव एवं सौंदर्यकरण कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा। इसके पश्चात उन्होंने अखंड चंडी पैलेस स्थित जिला पुस्तकालय का दौरा किया, जहां हाल ही में किए गए मरम्मत कार्यों का अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा शौचालय में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने पुस्तकालय प्रभारी को कंप्यूटर लैब को शीघ्र कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची तैयार कर विभिन्न विभागों को भेजने तथा विद्यार्थियों की मांग के अनुरूप प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की सूची तैयार करने को भी कहा।उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त सूची के आधार पर जिला पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिल सकें। इसके बाद उपायुक्त ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि मंदिर परिसर में करीब 11 मरम्मत कार्य चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ कार्य ऐतिहासिक संरक्षण से जुड़े होने के कारण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से किए जाएंगे।उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि वे इन ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी प्रियांशु खाती, तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!