सिहुंता में अंडर-14 छात्रों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

सिहुंता/ चम्बा 29 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहुंता में शुक्रवार को अंडर-14 आयु वर्ग के छात्रों की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया। प्रतियोगिता में भटियात शिक्षा खंड के 28 विद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 29 से 31 अगस्त तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और कुश्ती में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।इस अवसर पर खिलाड़ियों, अध्यापकों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका है।

शिक्षा के साथ खेलों को भी नियमित समय और महत्व दिया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्षम बनकर भविष्य में देश के बेहतर नागरिक बन सकें।उन्होंने कहा कि खेलकूद और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम की भावना विकसित करने के साथ उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता को खेल भावना से खेलने तथा हार-जीत की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।विधानसभा अध्यक्ष ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग निरंतर मेहनत से होकर गुजरता है।

विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करना चाहिए।इससे पूर्व उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मनोहर लाल और एडीपीईओ महिंद्र ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा ने वार्षिक खेल रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में एसडीएम भटियात मनीष सोनी, डीएफओ डलहौजी डॉ. कुलदीप जंबाल, डीएसपी शेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने सिहुंता में प्रस्तावित संयुक्त कार्यालय भवन के स्थल का निरीक्षण भी किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
