नगाली विद्यालय का 10+2 परिणाम 94.7%, छात्र-छात्राओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

चंबा 06 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10+2 परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली, जिला चंबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.7 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के कुल 19 विद्यार्थियों में से 18 विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे, जो संस्थान के लिए गर्व का विषय है। इस उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफल विद्यार्थियों में अधिकांश ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कला संकाय में तमन्ना देवी ने 500 में से 464 अंक (92.8 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अक्षय कुमार ने 448 अंक (89.6 प्रतिशत) लेकर दूसरा तथा करण कुमार ने 431 अंक (86.2 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।विज्ञान संकाय में उर्मिला ठाकुर ने 500 में से 462 अंक (92.4 प्रतिशत) हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरवंश ठाकुर ने 424 अंक (84.8 प्रतिशत) लेकर दूसरा और तुषार ठाकुर ने 412 अंक (82.4 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने विषयवार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शारीरिक शिक्षा विषय में दो छात्राओं और एक छात्र ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि हिंदी विषय में भी एक विद्यार्थी ने शत-प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य संदीप राज राठौड़ ने इस शानदार परिणाम पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।