अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 की तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 की तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित

चम्बा 15 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा के बचत भवन में अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। इस दौरान मेले के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आय-व्यय का प्रबंधन, निमंत्रण पत्र एवं स्मारिका प्रकाशन, परिवहन व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग सुविधा, खेलकूद प्रतियोगिताएं, चौगान मैदान का रखरखाव, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं तथा कला केंद्र और मंजरी गार्डन में आवश्यक मरम्मत कार्यों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मिंजर मेला चंबा की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जो देश-विदेश में जिले की पहचान को मजबूती देता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने और हिमाचली कलाकारों को अधिक मंच प्रदान करने पर भी जोर दिया।विधायक नीरज नैय्यर ने सरस मेले के आयोजन तथा बालू (भगोत) क्षेत्र में अस्थायी पार्किंग व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने का सुझाव दिया। उपायुक्त अमित मैहरा ने बताया कि मिंजर मेला 26 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चौगान नंबर-1 में आयोजित होगा। मेले के दौरान कुल 8 सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी, जिनमें अंतिम संध्या को मध्यरात्रि तक और अन्य कार्यक्रमों को रात 10 बजे तक समाप्त किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और समिति सदस्यों ने अपने सुझाव साझा किए। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जनसहयोग से मिंजर मेला 2026 को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!