अंतर्राष्ट्रीय पर्वत दिवस पर हिलदारी डलहौज़ी, नगर परिषद और पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित

डलहौजी/चम्बा 11 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतर्राष्ट्रीय पर्वत दिवस के उपलक्ष्य में डलहौज़ी में हिलदारी डलहौज़ी, नगर परिषद डलहौज़ी और पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करना और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि उपस्थित डीएसपी डलहौज़ी मयंक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने छात्रों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्वतीय पर्यटन स्थलों की सुंदरता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से लोगों में पर्यावरणीय चेतना बढ़ती है और समाज को स्वच्छ–हरित दिशा में प्रेरित किया जा सकता है।
अभियान के दौरान स्कूल के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांधी चौक से बस स्टैंड डलहौज़ी तक चर्च–भलून रोड पर फैले कचरे को एकत्र किया। छात्रों ने प्लास्टिक, रैपर, बोतलों सहित अन्य ठोस कचरे को इकट्ठा कर निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया। शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने भी छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।

हिलदारी डलहौज़ी और नगर परिषद डलहौज़ी ने इस पहल में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, विशेषकर युवा छात्रों, को धन्यवाद दिया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने पर्वतीय शहर की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने हेतु स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में निरंतर योगदान दें।
