भरमौर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर दिया गया प्रशिक्षण

भरमौर/ चम्बा, 18 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
महिला एवं बाल विकास विभाग चंबा की बाल विकास परियोजना भरमौर के अंतर्गत वृत्त होली, मछैतर और गरोला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं वृत्त सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आई.पी. ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बाल विकास परियोजना अधिकारी भरमौर मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में वृत्त पर्यवेक्षकों, पोषण अभियान के खंड समन्वयक विनोद कुमार तथा लगभग 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इसके अलावा आई.पी. ग्लोबल लिमिटेड से हर्षित ठाकुर, आई.एस.ओ. भरमौर, विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान हर्षित ठाकुर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजना के पात्र लाभार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने, लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा लाभार्थियों की निगरानी और रिपोर्टिंग प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है, इसलिए सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना आवश्यक है।खंड समन्वयक विनोद कुमार ने भी प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता और उससे संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर योजना से जोड़ें, ताकि कोई भी लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।प्रशिक्षण में पोषण अभियान की गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि क्षेत्र में कोई भी कुपोषित बच्चा छूटना नहीं चाहिए। प्रतिभागियों को समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
