करसोग में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 480 बोतलों सहित वाहन जब्त

करसोग में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 480 बोतलों सहित वाहन जब्त

मण्डी 19 अगस्त, चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मंडी जिला के करसोग क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी शराब की 40 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अगस्त 2026 की रात पुलिस थाना करसोग की टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त, यातायात जांच तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की धरपकड़ के उद्देश्य से गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने शंकर देहरा चौक, सनारली में एक महिन्द्रा कैम्पर वाहन संख्या HP-25A-0671 को जांच के लिए रोका।

पुलिस को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में नीले रंग की प्लास्टिक तरपाल से ढकी हुई देसी शराब की खेप बरामद हुई। मौके पर नियमानुसार तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई अमल में लाई गई। जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान विनोद कुमार निवासी डाकघर तेवन, तहसील करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई।पुलिस द्वारा वाहन में रखी गई शराब की गिनती करने पर देसी शराब “ऊना नंबर-01” की कुल 40 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में कुल 480 बोतलें पाई गईं।

बरामद शराब के संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब और वाहन को कब्जे में ले लिया।इस संबंध में पुलिस थाना करसोग में धारा 39(1)(ए) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!