18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस, चंबा में 1.55 लाख बच्चों-किशोरों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस, चंबा में 1.55 लाख बच्चों-किशोरों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

चंबा 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस (NDD) को लेकर जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने बैठक में राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस की जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितंबर को जिलेभर में 19 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों एवं किशोरों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी।

अभियान के तहत जिले में कुल 1,55,087 शिशुओं, बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एक वर्ष से पांच वर्ष तक की आयु के 39,534 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी। अभियान के तहत किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाने वाले बच्चों एवं किशोरों को कवर करने के लिए 24 सितंबर को मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा।बैठक में उपायुक्त मुकेश रेस्पवाल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास को अभियान के दौरान सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा को स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके। उन्होंने जिला एवं खंड स्तर पर अभियान की प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी, डॉ. सुहेल, डॉ. राज कुमार सूर्या सहित मेडिकल कॉलेज चंबा के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!