चम्बा की सिंगी पंचायत के बँगोटू गांव में भालू का हमला, ग्रामीण गंभीर घायल; टांडा रेफर

चंबा 02 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के समीपवर्ती ग्राम पंचायत सिंगी के बँगोटू गांव में भालू के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बँगोटू निवासी तिलक राज के रूप में हुई है। भालू के अचानक किए गए हमले में तिलक राज के चेहरे समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गहरी चोटें आई हैं और काफी रक्तस्राव हुआ है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार तिलक राज घर के समीप किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना का पता चला। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास शुरू किया।गांव से मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने तिलक राज को चारपाई पर लिटाया और करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें निजी वाहन की मदद से पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया।मेडिकल कॉलेज चंबा में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि चेहरे और शरीर पर गहरी चोटों के साथ अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी हालत गंभीर थी। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।घटना के बाद बँगोटू और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की गतिविधियों से लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा भालू की मौजूदगी का पता लगाकर लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।