हिमकेयर योजना जांच में भाजपा विधायक डॉ. जनक राज को विजिलेंस का समन, कल 20 अगस्त को होंगे पेश

हिमकेयर योजना जांच में भाजपा विधायक डॉ. जनक राज को विजिलेंस का समन, कल 20 अगस्त को होंगे पेश

शिमला, 19 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश की महत्वाकांक्षी हिमकेयर स्वास्थ्य योजना के क्रियान्वयन और कार्यप्रणाली से जुड़ी जांच में अब राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आईजीएमसी शिमला के पूर्व वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) एवं वर्तमान में विधायक डॉ. जनकराज को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।विजिलेंस की विशेष जांच इकाई द्वारा जारी पत्र के अनुसार डॉ. जनकराज 31 मार्च 2018 से 18 अक्तूबर 2022 तक इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे।

जांच एजेंसी का कहना है कि उनके कार्यकाल के दौरान हिमकेयर योजना के संचालन, प्रशासनिक निगरानी, पर्यवेक्षण और क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां उनके कार्यालय के अधीन थीं।विजिलेंस ब्यूरो ने डॉ. जनकराज को 20 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय, शिमला में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि आवश्यक हो तो उनका बयान आईजीएमसी शिमला स्थित वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में भी दर्ज किया जा सकता है।सूत्रों के अनुसार हिमकेयर योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है और इसी क्रम में योजना के संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

विजिलेंस का मानना है कि डॉ. जनकराज का बयान जांच के कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को स्पष्ट करने में सहायक साबित हो सकता है।विजिलेंस विभाग ने अपने पत्र में कहा है कि हिमकेयर योजना से संबंधित जांच को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए उनका उपस्थित होना आवश्यक है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक डॉ. जनकराज की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!