अंबाला में चंबा के ट्रक चालक की निर्मम हत्या, गांव में शोक की लहर

भटीयात/चम्बा 24 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हरियाणा के अंबाला जिले के मोड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के एक युवा ट्रक चालक की अज्ञात हमलावरों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार पुत्र निवासी गांव बलेरा, तहसील भाटियात, जिला चंबा के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण कुमार पेशे से ट्रक चालक था और घटना वाली रात भी वह अपने ट्रक में सामान लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसका ट्रक रोक लिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उसे जबरन रोका और फिर उस पर हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। वारदात के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही मोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का काम जारी है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।वहीं, अरुण कुमार का पार्थिव शरीर आज उसके पैतृक गांव बलेरा लाया जा रहा है। जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।इस दर्दनाक घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।