चुवाड़ी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई , सरकारी मेडिकल स्टोर अस्थाई रूप 29 मई तक सील

चुवाड़ी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई , चुवाड़ी में सरकारी मेडिकल स्टोर अस्थाई रूप 29 मई तक सील

भटियात/चम्बा 24 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के अंतर्गत चुवाड़ी में स्थित हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान को अस्थाई रूप से 29 मई तक सील कर दिया है। यह कार्रवाई दवाइयों की बिक्री में गंभीर अनियमितताओं के चलते की गई।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान पर बिना फार्मासिस्ट की उपस्थिति के दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा, नारकोटिक दवा ट्रामाडोल टैबलेट्स के स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई। जांच में यह भी पाया गया कि लगभग 80 ट्रामाडोल टैबलेट बिना किसी बिल और बिना डॉक्टर के पर्चे के बेची गई थीं, जो कि अत्यंत गंभीर मामला माना जाता है।

अधिकारियों ने यह भी पाया कि दुकान पर कई दवाइयों की बिक्री बिना बिक्री बिल के की जा रही थी और बिलों में मरीजों का विवरण दर्ज नहीं किया गया था। कुछ दवाइयां स्टॉक रजिस्टर में दर्ज ही नहीं थीं, जबकि उन्हें बेचा जा चुका था। यह सभी तथ्य दवा नियंत्रण नियमों के उल्लंघन की ओर संकेत करते हैं।इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने दुकान को 29 मई 2026 तक के लिए सील कर दिया है। साथ ही संबंधित फार्मासिस्ट को निर्देश दिए गए हैं कि वह 29 मई को दुकान पर उपस्थित रहें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और संकेत दिए हैं कि दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में दवा विक्रेताओं को सख्त संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!