डलहौजी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,पांच शराब ठेके अस्थायी रूप से सील

डलहौजी/चम्बा 08 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शराब के ठेकों को अस्थायी रूप से सील कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ठेकेदारों के बीच भी हलचल देखी जा रही है।इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर आयकर विभाग चंबा नूतन महाजन ने बताया कि यह कार्रवाई बीते दिन अमल में लाई गई। उन्होंने कहा कि चंबा आबकारी विभाग के अंतर्गत आने वाले डलहौजी के बारह पत्थर, जीपीओ, सुभाष चौक तथा बस अड्डा क्षेत्र में स्थित शराब के ठेकों के ठेकेदारों द्वारा अनुबंध के अनुसार निर्धारित फीस जमा नहीं करवाई गई थी। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन ठेकों को सील करने का निर्णय लिया।आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को नियमों के सख्त पालन के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ठेकेदारों को कई बार फीस जमा करवाने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया।हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सीलिंग अस्थायी है। यदि संबंधित ठेकेदार जल्द ही बकाया फीस जमा करवा देते हैं, तो इन ठेकों पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया जाएगा और संचालन फिर से शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है।इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि प्रशासन नियमों के अनुपालन को लेकर पूरी तरह गंभीर है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।