स्वास्थ्य खंड किहार में भरे जाएंगे आशा कार्यकर्ताओं के 15 पद15 दिसम्बर को होगा साक्षात्कार : डॉ. सुनील कक्कड़

चम्बा /सलूणी, 11 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य खंड किहार में आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। खंड चिकित्सा अधिकारी किहार, डॉ. सुनील कक्ड़ ने जानकारी दी कि आशा कार्यकर्ताओं के 15 स्वीकृत पदों को भरने हेतु साक्षात्कार 15 दिसम्बर 2025 को आयोजित किया जाएगा।यह साक्षात्कार खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, सलूणी में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि सभी पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने मूल प्रमाणपत्रों सहित उपस्थित होना अनिवार्य है।डॉ. कक्ड़ ने साक्षात्कार हेतु आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी साझा की। अभ्यर्थियों को 8वीं या समकक्ष प्रमाणपत्र, 10वीं तथा उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्र, एससी/एसटी/ओबीसी/बीपीएल प्रमाणपत्र, तथा विधवा, निर्धनता या तलाकशुदा से संबंधित प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। इसके अतिरिक्त आवासीय प्रमाणपत्र (वार्ड/गांव स्तर), आधार कार्ड, राशन कार्ड, चरित्र प्रमाणपत्र तथा वैवाहिक स्थिति का प्रमाणपत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले किसी भी अभ्यार्थी को टीए/डीए प्रदान नहीं किया जाएगा। सभी उम्मीदवारों को अपने स्तर पर यात्रा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।डॉ. सुनील कक्ड़ ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ होती हैं और उनकी नियुक्ति से स्वास्थ्य खंड के विभिन्न क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, जन-जागरूकता, पोषण अभियान और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को नया बल मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य योग्य, समर्पित और सेवा भाव रखने वाली महिलाओं को इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए अवसर प्रदान करना है।