“मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम में 17 समस्याओं का मौके पर समाधान, मंड्यालू पंचायत को विकास का भरोसा

“मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम में 17 समस्याओं का मौके पर समाधान, मंड्यालू पंचायत को विकास का भरोसा

शिमला 12 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसंतपुर के समीप ग्राम पंचायत मंड्यालू में आयोजित “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए त्वरित समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने विभिन्न पंचायतों से आए लोगों की समस्याओं पर अधिकारियों के साथ मिलकर कार्रवाई की, जिसमें कुल 17 समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।अपने संबोधन में मंत्री ने नवगठित मंड्यालू पंचायत के गठन पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने पंचायत भवन को विकास का केंद्र बिंदु बताते हुए कहा कि यहां से योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है और उन्हें क्रियान्वित किया जाता है।

सरकार द्वारा पंचायतों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें पुराने भवनों का आधुनिकीकरण और नए भवनों का एकरूप डिजाइन में निर्माण शामिल है।मंत्री ने मंड्यालू पंचायत में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया और पंचायत भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से सरकार सीधे जनता तक पहुंच रही है और उनकी समस्याओं का समाधान घर-द्वार पर ही किया जा रहा है।

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बडमेन-बसंतपुर सड़क पर 6.84 लाख रुपये खर्च किए गए हैं और इसके रखरखाव के लिए अतिरिक्त बजट दिया गया है। वहीं, मडूखर में 50.5 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक कॉलेज और खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। सुन्नी क्षेत्र में 2.35 करोड़ की लागत से लाइब्रेरी निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया तथा मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!