मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए चौसठी परिसर की सजावट हेतु निविदाएं आमंत्रित

चंबा, 25 जुलाई, मुकेश कुमार (गोल्डी)
कार्यालय अध्यक्ष मणिमहेश ट्रस्ट- कम- अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, भरमौर, जिला चंबा द्वारा मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान चौसठी परिसर एवं मंदिरों के मुख्य द्वारों की सजावट के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार, यात्रा अवधि में मंदिरों और प्रवेश द्वारों को ताजे फूलों से आकर्षक रूप से सजाने के लिए इच्छुक ठेकेदारों एवं फर्मों से आवेदन मांगे गए हैं।निविदा प्रक्रिया के तहत इच्छुक आवेदकों को 4 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक सदस्य सचिव, मणिमहेश ट्रस्ट एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) भरमौर के कार्यालय में बंद लिफाफे में अपनी निविदा जमा करनी होगी। उसी दिन दोपहर 3:00 बजे निविदाएं खोली जाएंगी।अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सजावट का कार्य पूरी तरह ताजे फूलों से किया जाएगा, जिसमें गेंदा, पिटूनिया, कार्नेशन, जरबेरा, ऑर्किड, गोदावरी, ग्लैडियोलस और रजनीगंधा जैसे फूल शामिल होंगे। यह सजावट न केवल मणिमहेश यात्रा के दौरान, बल्कि जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर भी की जाएगी, जिसकी अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

ट्रस्ट द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार, निविदा दाताओं को जीएसटी एवं पैन नंबर की प्रतिलिपि संलग्न करनी अनिवार्य होगी तथा मंदिर सजावट का पूर्व अनुभव होना आवश्यक है। साथ ही, 1000 रुपये की निविदा शुल्क एवं 30,000 रुपये की धरोहर राशि बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी। चयनित ठेकेदार को कार्य आवंटन के बाद कुल राशि का 10 प्रतिशत परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के रूप में जमा करवाना होगा।इसके अतिरिक्त, सजावट कार्य से जुड़े कारीगरों के रहने और खाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संबंधित ठेकेदार की होगी। ट्रस्ट द्वारा गठित समिति कार्य की गुणवत्ता और उपयोग किए गए फूलों की मात्रा की जांच करेगी, जिसके बाद ही भुगतान किया जाएगा।यह पहल मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है, जिससे क्षेत्र की पारंपरिक आस्था और सौंदर्य दोनों को बढ़ावा मिलेगा।