अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस पर शिमला में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस पर शिमला में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शिमला 26 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव सी.पी. वर्मा तथा निदेशक (इसोमसा) सुमित खिम्टा ने मुख्य अतिथि को हिमाचली शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को नशा निषेध की शपथ दिलाई और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का आह्वान किया।

इसके उपरांत उन्होंने जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित वॉकाथॉन एवं साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही शांति, सद्भाव एवं नशा मुक्त समाज के संदेश के प्रतीक स्वरूप कबूतर भी उड़ाए गए।अपने संबोधन में जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए बहुआयामी स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल नशा तस्करी पर कड़ी कार्रवाई कर रही है, बल्कि जनजागरूकता, पुनर्वास और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!