एंटी-चिट्टा दिवस पर सलूणी में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

एंटी-चिट्टा दिवस पर सलूणी में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सलूणी/ चम्बा 26 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

सलूणी उपमंडल में “एंटी-चिट्टा दिवस” के अवसर पर नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासन, शिक्षा संस्थानों और पंचायत स्तर पर सामूहिक प्रयासों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।एसडीएम कार्यालय सलूणी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की। उन्होंने समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।इसके साथ ही राजकीय कन्या छात्रावास विद्यालय (केजीबीवी), किहार में छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (ना.) एवं तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने की। इस मौके पर तहसील कल्याण अधिकारी राज बहादुर, थाना प्रभारी किहार संत राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इसी क्रम में रेड जोन पंचायत किहार और सनूह में नशा निवारण समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम, जनसहभागिता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।उपमंडल प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!