कांगड़ा व नूरपुर में कूरियर सेवाओं पर पुलिस का सख्त शिकंजा, राज्य-स्तरीय विशेष अभियान सफल

कांगड़ा/नूरपुर, 4 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला कांगड़ा व पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में आज कूरियर सर्विस प्रदाताओं, उनके कार्यालयों, गोदामों (वेयरहाउस) तथा पार्सल डिलीवरी नेटवर्क की सघन जांच के लिए राज्य-स्तरीय विशेष अभियान (फेज-II, पार्ट-1) चलाया गया। इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य कूरियर सेवाओं के माध्यम से संभावित मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना था।

अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस टीमों के साथ-साथ सीआईए (CIA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त रूप से सभी कूरियर केंद्रों, हब और कार्यालयों का गहन निरीक्षण किया। जिन क्षेत्रों में कूरियर गोदाम उपलब्ध नहीं थे, वहां डिलीवरी बॉयज के बैग और पार्सलों की मौके पर ही बारीकी से जांच की गई।जांच के दौरान बुकिंग रजिस्टर, पार्सल रिकॉर्ड, स्टोरेज एरिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, लॉगबुक, सुरक्षा प्रमाणपत्र और ग्राहकों के केवाईसी दस्तावेजों का विस्तार से सत्यापन किया गया।

इसके अलावा कूरियर संचालकों और कर्मचारियों को जागरूक करते हुए निर्देश दिए गए कि वे सभी रिकॉर्ड पारदर्शी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।दिनभर चले इस अभियान के दौरान किसी भी स्थान से नशीले पदार्थ, प्रतिबंधित सामग्री या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सभी कूरियर केंद्रों पर स्थिति सामान्य पाई गई और नियमों का पूर्णतः पालन देखा गया।पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और कूरियर सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
