कुगती मार्ग से मणिमहेश परिक्रमा यात्रा पर रोक, बर्फबारी और क्षतिग्रस्त रास्तों के चलते प्रशासन का सख्त फैसला

भरमौर/चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमण्डल प्रशासन भरमौर ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुगती मार्ग से श्री मणिमहेश परिक्रमा यात्रा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस मार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण अत्यधिक बर्फ जमा हो गई है, जिससे आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है।जानकारी के अनुसार, कुगती से मणिमहेश परिक्रमा मार्ग के कई हिस्से बर्फबारी और प्राकृतिक कारणों से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके अलावा क्षेत्र में मौसम के अचानक खराब होने की संभावना भी बनी हुई है, जो यात्रियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने यह अहम निर्णय लिया है।प्रशासन ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि अगले आदेशों तक इस मार्ग पर किसी भी प्रकार की यात्रा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

श्रद्धालुओं, ट्रैकर्स और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे इस मार्ग का उपयोग न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।इसके साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई गाइड, ट्रैकर या अन्य व्यक्ति किसी भी श्रद्धालु या समूह को इस प्रतिबंधित मार्ग पर ले जाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।उपमण्डल प्रशासन ने दोहराया कि जनसुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिस्थितियों में सुधार होने पर ही आगे निर्णय लिया जाएगा।