मंडी में जल एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा, निजी जल टैंकों की सफाई पर जोर

मंडी, 25 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान जल शक्ति विभाग को निजी जल भंडारण टैंकों की नियमित साफ-सफाई और गंदे पानी के रिसाव को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मियों के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को टैंकों की नियमित सफाई, रिसाव की रोकथाम और जल की गुणवत्ता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा जहां गर्मियों में सूखे की स्थिति के कारण जल स्रोत प्रभावित होते हैं, ताकि वहां पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।बैठक में जल जीवन मिशन, जल संचय जनभागीदारी अभियान और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जल संचय को लेकर दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने पर बल देते हुए वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और कैचमेंट क्षेत्र के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए तालाबों के निर्माण सहित प्रभावी योजनाएं बनाने को कहा। साथ ही, चेक डैम, रिचार्ज पिट और अन्य जल संरचनाओं के निर्माण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया, जिससे भूजल स्तर में सुधार हो सके।स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की कार्यशीलता और ओडीएफ प्लस लक्ष्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की।