शिमला में राष्ट्रीय जनजातीय आयोग की बैठक, भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे

शिमला 10 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजधानी शिमला में बीते दिन राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने भी भाग लिया और अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।बैठक के दौरान डॉ. जनक राज ने पांगी घाटी को जिला मुख्यालय चम्बा से जोड़ने वाले सड़क मार्ग का मुद्दा प्रमुखता से रखा। उन्होंने मांग की कि इस सड़क को वर्ष भर हर मौसम में खुला रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।इसके अलावा उन्होंने मेहला ब्लॉक की 24 पंचायतों के निवासियों को जनजातीय दर्जा देने की मांग भी रखी।

उनका कहना था कि इन पंचायतों के लोगों की सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां जनजातीय क्षेत्रों के अनुरूप हैं, इसलिए उन्हें भी यह दर्जा मिलना चाहिए।डॉ. जनक राज ने उल्लांसा और हड़सर गांव के निवासियों को भी जनजातीय दर्जा प्रदान करने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के लोगों को जनजातीय सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।बैठक के उपरांत जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि आयोग के अध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश सरकार को निर्देश दिए हैं कि वह इन सभी मुद्दों पर अपनी अनुशंसा तैयार कर आयोग को भेजे।

इसके बाद इन मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि इन्हें शीघ्र पूरा किया जा सके।इस बैठक को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।