पंचायतों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू

पंचायतों को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू

शिमला 07 जून चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए उनकी चुनौतियों, गाँवों की प्राथमिकताओं और जमीनी स्तर पर विकास की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गाँवों की असली ताकत उनकी पंचायतें हैं और इन्हें सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर लोगों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझती हैं।उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न विकास योजनाओं के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है।मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहयोग करें, ताकि प्रदेश के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!