सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.48 ग्राम चिट्टा सहित 4 नशा तस्कर गिरफ्तार

सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.48 ग्राम चिट्टा सहित 4 नशा तस्कर गिरफ्तार

सोलन 08 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 5 मई 2026 को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम द्वारा की गई, जिसने शहर के विवंता मॉल की पार्किंग में दबिश देकर तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से 7.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 29,000 रुपये नकद बरामद किए।गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले के बैकवर्ड लिंकेज को खंगालते हुए मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पंजाब के जीरकपुर में दबिश दी और मुख्य सप्लायर को 5.41 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पूरे मामले में कुल 12.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ये आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है, जिससे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।सोलन पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!