मेडिकल कॉलेज चंबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, कामकाज हुआ बहाल

मेडिकल कॉलेज चंबा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, कामकाज हुआ बहाल

चंबा 14 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में आउटसोर्स पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी हड़ताल समाप्त कर दी और दोबारा काम पर लौट आए। हड़ताल के चलते पिछले एक दिन से मेडिकल कॉलेज में साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी, जिससे अस्पताल प्रशासन और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मचारियों और कॉलेज प्रबंधन के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। यह विवाद सफाई ठेकेदार और मुंशी पर लगे कथित दुराचार के आरोपों के बाद उत्पन्न हुआ था, जिसके चलते कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी।

सफाई कर्मचारियों का कहना था कि आरोप लगाने वाली महिला कर्मचारियों के साथ वे काम नहीं करना चाहते, क्योंकि इससे कार्यस्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। कर्मचारियों ने मांग रखी थी कि जब तक उक्त महिला कर्मचारियों को हटाया नहीं जाता, वे काम पर नहीं लौटेंगे।बैठक के दौरान कॉलेज प्रबंधन ने स्थिति को संभालते हुए समाधान का रास्ता निकाला। प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी अलग-अलग स्थानों पर लगाने का निर्णय लिया, ताकि किसी भी प्रकार का टकराव न हो। इसके साथ ही कुछ महिला कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा संबंधी चिंता जताए जाने पर अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई और सफाई कार्य पुनः शुरू हो गया, जिससे अस्पताल की व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!