चंबा जिला कांग्रेस का संगठन सुदृढ़ करने का अभियान तेज, 15 जुलाई तक गठन के निर्देश

चम्बा 06 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला कांग्रेस कमेटी चंबा द्वारा संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर संगठनात्मक ढांचे के गठन के निर्देश दिए हैं। यह अभियान वर्ष 2026 को “संगठन सृजन अभियान वर्ष” के रूप में मनाने के तहत चलाया जा रहा है।जारी निर्देशों के अनुसार, सभी ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन 15 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। इसके साथ ही मंडलम कांग्रेस, पंचायत कांग्रेस और बूथ कांग्रेस स्तर पर भी अध्यक्षों और उनकी कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं।पत्र में हाल ही में नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी गई है। इसे संगठन की एकजुटता और पार्टी की नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया गया है।जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के विस्तार के दौरान सामाजिक समरसता और संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक और युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया है।सभी ब्लॉक अध्यक्षों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। साथ ही, गठित कार्यकारिणी की सूची 15 जुलाई तक जिला कांग्रेस कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें।इस पहल को कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।